Hindustanmailnews

भोपाल में पहली बार 88,500 पर पहुंचे चांदी के दाम, कारोबार 30 फीसदी घटा

चांदी आॅल टाइम हाई पर पहुंच गई है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में चांदी की चमक तेज हुई है। सराफा एसोसिएशन के मुताबिक, 1 किलो चांदी के रेट 88 हजार 500 रुपए पर पहुंच गए हैं। डेढ़ महीने में 11,700 रुपए बढ़े हैं। उधर, सोना भी तेवर दिखा रहा है। 24 कैरेट 10 ग्राम सोना 75,750 रुपए में मिल रहा है। इस कारण भोपाल में सराफा कारोबार में 30% तक गिरावट आई है। भोपाल सराफा महासंघ के प्रवक्ता नवनीत कुमार अग्रवाल बताते हैं, गुरुवार को भोपाल में चांदी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। शुक्रवार को भी रेट में बढ़ोतरी होने की संभावना है। ऐसे ही हाल सोने के भी है। दूसरी बार कीमत 75,750 रुपए हुई है।

पहली बार आॅल टाइम हाई पर चांदी खरीदारों की संख्या में आई कमी
भोपाल में 1 हजार से अधिक सोना-चांदी की दुकानें हैं। पुराने शहर में सराफा बाजार है, जबकि न्यू मार्केट, 10 नंबर मार्केट, कोलार, होशंगाबाद रोड, बैरागढ़ समेत पूरे शहर में दुकानें हैं। मार्च-अप्रैल में विवाह मुहूर्त होने से बाजार में अच्छी ग्राहकी थी, लेकिन अभी शादियों का दौर थमा हुआ है। इस कारण ग्राहकी कम है। खासकर मध्यमवर्गीय लोगों ने बाजार से दूरी बनाई है। गेहूं-चने की फसल कटने के बाद किसानों की भीड़ जरूर है। ओवरआॅल ग्राहकी में 30 प्रतिशत की कमी आई है। जून में ग्राहकी फिर से जोर पकड़ेगी।

व्यापारी अग्रवाल बताते हैं कि बाजार में मार्च से ही तेजी बनी हुई है। इस कारण सोना-चांदी के रेट में बढ़ोतरी हुई है। 1 मार्च को चांदी के रेट 73 हजार 500 रुपए और 1 अप्रैल को 76 हजार 800 रुपए प्रतिकिलो थे, जो 16 मई को 88 हजार 500 रुपए पहुंच गए। इस तरह डेढ़ महीने में 11 हजार 700 रुपए बढ़े हैं। वहीं, सोने के रेट 1 मार्च को 64 हजार 700 रुपए प्रति 10 ग्राम थे, जो 16 मई को 75 हजार 750 रुपए पहुंच गए। इस तरह डेढ़ महीने में 4700 रुपए तक बढ़े हैं। प्रवक्ता अग्रवाल ने बताया कि अंतराष्ट्रीय स्तर पर सोने के रेट बढ़े हैं। जिसका असर भोपाल के बाजार में भी पड़ रहा है। दूसरी ओर, चांदी का इस्तेमाल उद्योगों में ज्यादा हो रहा है। हर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइज में चांदी का इस्तेमाल हो रहा है। इसलिए भी चांदी के भाव बढ़ रहे हैं। अगले एक साल में सोना के 80 हजार से 85 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है। वहीं चांदी भी 1 लाख रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंच सकती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights