Hindustanmailnews

तीसरे चरण में दिखा मतदाताओं का जोश

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए मंगलवार की सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। इस चरण में 11 राज्यों की 93 सीटों पर चुनावी मैदान में 1331 प्रत्याशियों का भाग्य तय होगा। इनमें गुजरात की सभी 25 सीटों के साथ मप्र की नौ लोकसभा सीटें भी शामिल है। जहां पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया चुनाव मैदान में है। सुबह 9 बजे तक अच्छी खबर यह है कि मप्र (14.43%) में पश्चिम बंगाल (15.85%) के बाद दूसरा ज्यादा मतदान हुआ। वहीं सबसे कम 6.64% वोट महाराष्ट्र में पड़े हैं। वहीं देश की बात करें तो शुरूआती दो घंटे में औसत 11.40 प्रतिशत मतदान हुआ है।
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मध्यप्रदेश की 9 सीटों पर सुबह 9 बजे तक 14.22 प्रतिशत वोटिंग हुई। इनमें मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, राजगढ़, विदिशा, सागर, बैतूल और भोपाल सीट शामिल हैं। 127 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। एक करोड़ 77 लाख 52 हजार 583 मतदाता वोट करेंगे। भिंड में वोट डालने जा रहे एक युवक को घेरकर कुछ लोगों ने गोली मार दी। गोली उसके पेट में लगी है। इधर, मुरैना में कांग्रेस कैंडिडेट सत्यपाल सिकरवार ने पुलिस-प्रशासन पर वोटिंग डंप कराने के आरोप लगाए। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने भोपाल में मतदान किया।
विदिशा भाजपा प्रत्याशी शिवराज सिंह चौहान ने वोट डालने से पहले अपने गृह ग्राम जैत में पूजा की। इसके बाद परिवार समेत वोट डालने पहुंचे। गुना से भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, पिछले दो चरणों को देखते हुए इस बार वोट पर्सेंटेज बढ़ाने का प्रयास है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद स्थित निशान हायर सेकेंडरी स्कूल में वोट डाला। उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। मतदान के बाद मोदी ने कहा- लोकतंत्र के इस महायज्ञ में हिस्सा लेने वाले सभी लोग अभिनन्दन के अधिकारी हैं। मेरा सभी से आग्रह है कि आज गुजरात में और देश में जहां-जहां भी मतदान है, वहां बहुत भारी मात्रा में मतदान करें और लोकतंत्र के इस पर्व को उत्सव के रूप में मनाएं।
मुरैना में तीनों प्रत्याशी नजरबंद
मुरैना लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सत्यपाल सिंह सिकरवार, भाजपा प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर और बसपा प्रत्याशी रमेश चंद्र गर्ग को पुलिस लाइन बुलाया और नजरबंद कर दिया। कांग्रेस प्रत्याशी सत्यपाल सिंह सिकरवार ने कहा संभवत: पुलिस प्रशासन लोकप्रिय लोगों से भयभीत है। सिकरवार ने भाजपा प्रत्याशी सिंह के पैर छुए और दोनों प्रत्याशी गले भी मिले।
अशोकनगर में जवान को आया अटैक
अशोकनगर जिले की मुंगावली विधानसभा के पोलिंग क्रमांक 267 टांडा गांव में तैनात होमगार्ड के जवान को दिल का दौरा पड़ा। आनन-फानन में सिविल अस्पताल मुंगावली में भर्ती कराया गया है। जहां जवान का इलाज जारी है।

भिंड में वोट डालने जा रहे युवक को गोली मारी
भिंड शहर के शिवपुरी का पुरा में एक युवक को घेरकर कुछ लोगों ने गोली मार दी। गोली युवक के पेट में लगी। गोली से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से ग्वालियर रेफर कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक देहात थाना क्षेत्र के शिवहरे का पुरा में रहने वाले राघवेंद्र पुत्र महेंद्र खटीक (25) सुबह करीब 8 बजे अपने घर से वोट डालने जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने गोली चला दी। राघवेंद्र गोली लगते ही गिर पड़ा। बताया गया कि हमलावरों का उससे पुराना विवाद चल रहा था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights