Hindustanmailnews

राजवाड़ा : भजन संध्या और जोरदार आतिशबाजी

हिंदुस्तान मेल, इंदौर। अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के सुअवसर पर विधानसभा क्षेत्र- 3 में विधायक गोलू शुक्ला के नेतृत्व में राजवाड़ा पर उत्सव के रूप में मनाते हुए कार सेवकों का सम्मान कर 2200 किलो लड्डुओं का वितरण किया गया। राजवाड़ा पर विधायक गोलू शुक्ला, हरप्रीत बक्शी, क्षेत्रीय पार्षद रूपाली पेंढारकर ने श्रीराम दरबार के चित्र का पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में 80 कारसेवकों का शॉल ओढ़ाकर श्रीफल भेंटकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सुप्रसिद्ध भजन गायक गन्नू महाराज ने भगवान श्रीराम के सुमधुर भजनों से समां बांध दिया। मेरी झोपड़ी के भाग्य आज खुल जाएंगे… भजन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। माता-बहनें सब राम के रंग में रंगे नजर आ रहे थे। अवध में राम आए है… लहर-लहर लहराए री झंडा बजरंग बली का… रामजी से कह देना जय सियाराम… जैसे सुमधुर भजनों पर गोलू शुक्ला भी श्रद्धालुओं के साथ भक्ति के रस में डूबकर थिरक उठे।
राजवाड़ा पर छाया भगवा रंग – कार्यक्रम से पूरा राजवाड़ा भगवा रंग में नजर आया। बड़ी संख्या में उपस्थित माता बहनें केसरिया भगवा रंग के पारंपरिक वस्त्रों में शामिल हुईं तो भगवा ध्वजों के साथ पूरा क्षेत्र भगवा रंग में रंगा नजर आया।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights