Hindustanmailnews

कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी फरवरी में तय हो जाएंगे : भंवर जितेंद्र सिंह

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस अब लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। कांग्रेस का दावा है कि वो फरवरी महीने में ही लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश की सभी 29 सीटों पर प्रत्याशी तय कर देगी।
सोमवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस की तीन अहम् बैठक हुईं। सुबह प्रदेश चुनाव समिति की बैठक, इसके बाद पॉलिटिकल अफेयर्स समिति की बैठक और फिर दोपहर बाद जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और लोकसभा सीटों पर नियुक्त किए गए को-आॅर्डिनेटर्स की बैठक हुई, जिसमें लोकसभा चुनाव की रणनीति से लेकर राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर चर्चा की गई। बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह ने नई टीम के गठन को लेकर बड़ी बात कही। उन्होंने कहा- काम करने वाले लोगों को पद मिले। जो खुद बूथ जीत सकते हैं, उनको जगह मिलनी चाहिए। जो खुद बूथ नहीं जीत पाते और बड़ी-बड़ी राजनीति करते हैं, उनके लिए एक सिस्टम बनाया जा रहा है। पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी में लोकसभा चुनाव की रणनीति और तैयारियों पर बात हुई। इसमें जो भी सुझाव आए हैं, उसे अभा कांग्रेस कमेटी के सामने रखा जाएगा। जहां चर्चा के बाद उन्हें इंप्लीमेंट करेंगे। जिला अध्यक्ष, प्रभारी और लोकसभा को-आॅर्डिनेटर की बैठक में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर चर्चा की गई।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मध्यप्रदेश से भी गुजरेगी। उसकी तैयारियों को लेकर जिला अध्यक्षों से चर्चा की गई। प्रदेश प्रभारी ने बताया कि इस यात्रा को लेकर कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ आम लोगों में भी खुशी की लहर है। हमने इस यात्रा की पूरी तैयारी का रूट चार्ट बनाया है। कहां-कहां उनका पैदल कार्यक्रम होगा, वे कहां गाड़ी से जाएंगे… इसकी पूरी व्यवस्था हमने की है।
कमलनाथ पर बोले जितेंद्र सिंह- वे हमारे नेता
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को लेकर भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा- कमलनाथ न केवल मध्यप्रदेश, बल्कि देश के हमारे बहुत वरिष्ठ नेता हैं। उनका बहुत बड़ा सहयोग मध्यप्रदेश के अंदर रहा है, आगे भी उनका आशीर्वाद रहेगा।

जल्द होगी लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों की घोषणा
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा- प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में ये तय हुआ कि समिति के सदस्य अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र में जाएंगे और जिला अध्यक्ष और मंडल संगठन से चर्चा करेंगे, जिसके बाद नामों का एक पैनल बनाकर 30 जनवरी तक देंगे। हमारी कोशिश है कि जल्द-से-जल्द हम टिकट की घोषणा कर पाएं।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights