Hindustanmailnews

आप सांसद संजय सिंह के घर ईडी का छापा

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के घर बुधवार सुबह 7 बजे ईडी की टीम पहुंची। यह छापेमारी संजय सिंह के दिल्ली वाले घर में हो रही है। बताया जा रहा है करीब 7-8 अधिकारी आबकारी नीति केस के सिलसिले में छानबीन कर रहे हैं। आबकारी नीति केस की चार्जशीट में संजय सिंह का भी नाम है।
आप सांसद संजय सिंह के आवास पर ईडी की छापेमारी पर उनके पिता का कहना है, विभाग अपना काम कर रहा है, हम उनका सहयोग करेंगे। मैं उस समय का इंतजार करूंगा, जब उनको क्लियरेंस मिल जाएगी। इससे पहले 24 मई को इसी केस में संजय सिंह के करीबियों के यहां ईडी ने छापा मारा था। तब संजय सिंह ने कहा था- मैंने ईडी की फर्जी जांच को पूरे देश के सामने उजागर किया। आज मेरे सहयोगियों अजीत त्यागी और सर्वेश मिश्रा के घर ईडी ने छापा मारा है। सर्वेश के पिता कैंसर से पीड़ित हैं। ये जुर्म की इंतिहा है। चाहे जितना जुर्म करो लड़ाई जारी रहेगी।
आप बोली- अडाणी का मुद्दा उठाया इसलिए छापेमारी
संजय सिंह अडानी के मुद्दे पर लगातार सवाल उठाते रहे हैं और इसी वजह से उनके आवास पर छापेमारी की जा रही है। केंद्रीय एजेंसियों को पहले भी कुछ नहीं मिला और आज भी कुछ नहीं मिलेगा। वहीं आप प्रवक्ता रीना गुप्ता ने कहा, सबसे पहले उन्होंने कल कुछ पत्रकारों के आवास पर छापेमारी की और आज संजय सिंह के आवास पर छापेमारी की गई।
इसी साल जनवरी में ईडी ने अपनी चार्जशीट में संजय सिंह का नाम जोड़ा था। इसको लेकर संजय सिंह ने काफी हंगामा मचाया था। दरअसल मई में संजय सिंह ने दावा किया कि ईडी ने उनका नाम गलती से जोड़ दिया है।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights