Hindustanmailnews

सबसे गर्म रही गुरुवार की रात, आज भी 40 डिग्री पार पहुंचेगा पारा

शहर में गुरुवार की रात इस सीजन की सबसे गर्म रात रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 25.2 डिग्री रहा। पिछले तीन दिनों से गर्मी के तल्ख तेवर ने इंदौर के आम लोगों को परेशान किया हुआ हैं। शुक्रवार सुबह से बादल न होने के कारण सूरज की किरणों ने तपिश का अहसास करवाया। सुबह 8.30 बजे ही पारा 32.5 डिग्री पर पहुंचा। दिन के साथ अब रात में भी गर्मी व उमस के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है।
शुक्रवार सुबह पूर्वी- उत्तर पूर्वी हवाएं चली। सुबह आर्द्रता 34 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं एयरपोर्ट क्षेत्र में कुछ देर के लिए हल्की बूंदाबांदी हुई। शहर के आसमान पर हल्के हल्के बादलों का डेरा भी कुछ समय के लिए रहा।
इससे पहले गुरुवार सुबह से ही बादल नहीं होने के कारण सूरज के तीखे तेवर देखने को मिले। दिन में घरों से बाहर से निकले लोग झुलसा देने वाली गर्मी से परेशान हुए। इस सीजन में गुरुवार को पहली बार पारा 40 डिग्री पार पहुंचा।
गुरुवार को दिन में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 40.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, शुक्रवार को शहर में पारा 40 डिग्री के आसपास ही रहने की संभावना है। ऐसे में अगले दो दिनों तक गर्मी का असर बरकरार रहेगा। अगले दो दिन शहर में हल्के बादल छाएंगे।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights