इंदौर। मुस्कान अग्रवाल की मौत की गुत्थी उलझती जा रही है। पुलिस जिस बीमारी का जिक्र कर रही है। उसे परिवार के लोग नॉर्मल बता रहे हैं। रूम मैट ने पुलिस को जो बयान दिए हैं, उसमें बताया है कि मुस्कान को काफी असहनीय दर्द रहता था। यह भी बताया है कि मुस्कान इसके कारण कई बार पढ़ाई नहीं कर पाती थी। क्लास छोड़ना पड़ती थी। लेकिन पुलिस को शंका है कि उसकी दोस्त कुछ छिपा रही है। इधर, परिवार ने कहा है कि बेटी पढ़ने में होशियार थी। परिवार की तरफ से उसे किसी बात का तनाव नहीं था। अब पुलिस ही इस मिस्ट्री को सुलझाए। पुलिस की टीम मुस्कान के मोबाइल का लॉक अभी भी नहीं खोल पाई है। वहीं लैपटॉप से भी कुछ खास हाथ नहीं लगा है। लसूड़िया पुलिस ने बरूआ फाटा स्थित मुस्कान अग्रवाल के घर जाकर पिता, मां और भाई के बयान लिए हैं। वहीं रविवार को मुस्कान के परिवार ने उज्जैन में उसकी अंतिम क्रिया भी पूरी कर दी। पिता ने अपने और बेटी के बारे में कुछ भी जानकारी देने से मना कर दिया। कहा अभी हम सदमे में हैं। इस मामले में हम पुलिस से सही जांच की मांग कर रहे हैं।
असहनीय दर्द था…वह डिप्रेशन में थी -मुस्कान की रूम मेट ने पुलिस को जो जानकारी दी उसमें बताया कि वह जिस बीमारी से घिरी हुई थी। उसमें उसे असहनीय दर्द होता था। कई बार सो नहीं पाती थी। कई बार पेन किलर लेती थी। उसने कई बार इसके लिये क्लास भी मिस की। इसके कारण वह डिप्रेशन में जा रही थी। पुलिस को रूम मेट के बयानों को लेकर संदेह है। क्योंकि सुसाइड के पहले के फुटेज में मुस्कान नॉर्मल दिखी है। उसके अचानक रूम से जाने के बाद उसकी रूम मेट जिस तरह से व्यवहार कर रही थी वह संदेह जताता है।