फरवरी के पहले ही दिन मध्यप्रदेश के कई शहरों में दिन का अधिकतम टेम्प्रेचर 29-30 डिग्री के पार पहुंच गया, जबकि रात में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ज्यादा रहा। वहीं, कुछ जगह बादल भी छाए रहे। पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डालें, तो फरवरी महीने में रातें ठंडी और दिन गर्म रहते हैं। बारिश का ट्रेंड भी है। इस बार भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार रहेगा, जबकि रात में 10 से 14 डिग्री के बीच रह सकता है। इससे उलट ग्वालियर-जबलपुर में मौसम बदला हुआ रहता है।
मौसम विभाग के अनुसार फरवरी में सबसे ज्यादा ग्वालियर ठिठुरता है। रात में पारा 5 डिग्री के नीचे रहता है। हालांकि, अभी रात में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक है। जबलपुर में दिन में गर्मी और रात में ठंड रहती है।
भोपाल में जनवरी के पूरे महीने एक भी कोल्ड-डे नहीं रहा। शीतलहर नहीं चली। ऐसा 15 साल बाद हुआ, जब जनवरी सबसे कम ठंडा रहा। इससे पहले 2009 में ऐसा हुआ था। जनवरी में दिन का अधिकतम औसत तापमान 24.3 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री रहा। महीने में रात का सबसे कम तापमान 7.4 डिग्री रहा। ग्वालियर सबसे ठंडा रहा। यहां कई बार दिन का तापमान 15 डिग्री के नीचे रहा। जबलपुर में भी ठंड का असर देखने को मिला। वहीं, इंदौर, उज्जैन समेत मालवा-निमाड़ में भी रातें ठंडी रहीं। 20 जनवरी के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला। कड़ाके की ठंड कम रही। मौसम वैज्ञानिक प्रकाश धावले ने बताया कि मध्य प्रदेश में अभी पश्चिमी विक्षोभ का असर है। इससे बारिश की संभावना तो नहीं है, लेकिन दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। 3 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इसके गुजरने के बाद रात के तापमान में मामूली गिरावट होगी, जो सामान्य के नजदीक पहुंच सकते हैं। इससे हल्की तेज ठंड देखने को मिलेगी।
इंदौर में बारिश का ट्रेंड नहीं
फरवरी के महीने में इंदौर में बारिश होने का ट्रेंड नहीं है। 2014 और 2015 में बूंदाबांदी जरूर हुई थी। दूसरी ओर, दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार ही रहता है। 2019 में तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया था। यहां रात में पारा 10 डिग्री के नीचे रहता है।
रातें ठंडी रहती है, दिन गर्म
राजधानी भोपाल में रातें ठंडी रहती हैं, जबकि दिन गर्म। वर्ष 2014 से 2023 के बीच 4 साल दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया। रात में 7 साल पारा 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया। इस बार फरवरी में दिन का तापमान 25 डिग्री के पार है।