इंदौर के सुपर कॉरिडोर पर तेंदुए के मूवमेंट से सॉफ्टवेयर कंपनियों में दहशत का माहौल बन गया है। मामले में दो इंटरनेशनल सॉफ्टवेयर कंपनियों ने कर्मचारियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कर्मचारियों के समय में बदलाव किया है। मंगलवार को जानकारी के बाद फॉरेस्ट की टीम और अफसर भी मौके पर पहुंचे। तेंदुए के पग मार्क भी मिले हैं। दोनों कंपनियों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। सुपर कॉरिडोर इलाके में स्थित टीसीएस और इंफोसिस कंपनी ने मंगलवार को सभी कर्मचारियों को एक एडवाइजरी नोट मेल किया है। इसमें टू-व्हीलर वाहनों से आने वालों को अलर्ट रहने की बात कही गई है। उन्हें शाम को आॅफिस से समय से पहले निकलने और नाइट शिफ्ट में आने वालों को तय समय से थोड़ा जल्दी आने के लिए कहा गया है। कर्मचारियों से अंधेरा होने पर सुनसान इलाके में पड़ने वाले सर्विस लेन का उपयोग नहीं करने और कैंपस के बाहर घूमने से मना किया गया है। दोनों ही कंपनियों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की जानकारी भी दी है। फॉरेस्ट डिपार्टमेंट की टीम मंगलवार को डीएफओ महेंद्रसिंह सोलंकी के आदेश पर सुपर कॉरिडोर इलाके में चैकिंग करने पहुंची। उन्हें यहां तेंदुए के पग मार्क दिखे। टीम ने फोटो लेने के बाद अफसरों को जानकारी दी। इसके बाद वह कंपनी के कैंपस में पहुंचे और यहां भी चैकिंग की। हालांकि तेंदुए के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिली है।