
Hurun India Rich List: सालभर में संपत्ति 700 करोड़ रुपये बढ़ी। देश के सबसे धनी लोगों में अग्रवाल को 300वां स्थान मिला।
- इस बार की सूची में मध्य प्रदेश से नौ नाम शामिल हैं। इनमें से पांच इंदौर के कारोबारी हैं।
- खास बात है कि शीर्ष अमीरों की इस सूची में इस वर्ष इंदौर से दो नए नाम भी जुड़े हैं।
- इस सूची में एक हजार करोड़ रुपये और उससे अधिक की कुल संपत्ति रखने वालों को ही रैंक दी जाती है।
इंदौर के कोयला कारोबारी विनोद अग्रवाल प्रदेश के सर्वाधिक धनी व्यक्ति बनकर उभरे हैं। मंगलवार को जारी हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में देश के सबसे धनी लोगों में अग्रवाल को 300वां स्थान मिला है। यह लगातार दूसरा साल है, जब हुरुन द्वारा जारी सूची में अग्रवाल मप्र के सबसे अमीर व्यक्ति घोषित हुए हैं। इस सूची में प्रदेश से नौ नाम शामिल हैं। इनमें से पांच इंदौर के कारोबारी हैं।
खास बात है कि शीर्ष अमीरों की इस सूची में इस वर्ष इंदौर से दो नए नाम भी जुड़े हैं। इस सूची में एक हजार करोड़ रुपये और उससे अधिक की कुल संपत्ति रखने वालों को ही रैंक दी जाती है। बीते साल के मुकाबले अग्रवाल की संपत्ति में बढ़ोतरी हुई है, फिर भी उनकी रैंक घट गई है। हालांकि, सूची में शामिल अन्य अमीरों की संपत्ति और रैंक दोनों बीते साल के मुकाबले घटी है।
इंदौर के कारोबारी विनोद अग्रवाल मध्य प्रदेश के सबसे अमीर व्यक्ति….
प्रदेश में दूसरे नंबर पर रहे चौरड़िया
सूची के अनुसार प्रदेश में दूसरे क्रम पर सुनील चौरड़िया का नाम है। इस वर्ष चौरड़िया को देशभर में 628वीं रैंक दी गई है। चौरड़िया परिवार के पास इस साल 2700 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति है। साल 2022 की सूची में चौरड़िया को 389वीं रैंक मिली थी, जबकि संपत्ति 4100 करोड़ रुपये थी। इस दृष्टि से चौरड़िया की संपत्ति 1400 करोड़ रुपये कम हुई। साथ ही रैंक में 239 स्थान का नुकसान हुआ है। चौरड़िया राजरतन ग्लोबल वायर के प्रमुख हैं।
इंदौर के ये नाम भी रिच लिस्ट में
धनी लोगों की सूची में इनके पीछे आने वाले इंदौर के दो और नाम हैं- नितिन अग्रवाल और विमल तोड़ी। ये दोनों पहली बार हुरुन की सूची में अमीरों के बीच जगह मिली है। नितिन अग्रवाल को 1201वीं रैंक मिली है। इनकी संपत्ति कुल 1100 करोड़ आंकी गई है, जबकि विमल तोड़ी को 1253वीं रैंक मिली है और ये 1000 करोड़ रुपये की संपत्ति रखते हैं। इनके साथ ही इंदौर के ही मनीष डबकरा को भी संयुक्त रूप से 1253वीं रैंक दी गई है। डबकरा की इस वर्ष संपत्ति 1000 करोड़ रुपये है। डबकरा की संपत्ति में बीते वर्ष के मुकाबले इस साल 2500 करोड़ रुपये की कमी आई है। बीते वर्ष डबकरा को हुरुन रिच लिस्ट में 459वां स्थान मिला था।
ये हैं मप्र के आठ अमीर
नाम | संपत्ति | रैंक |
विनोद अग्रवाल | 6700 करोड़ | 300 |
सुनील चौरड़िया | 2700 करोड़ | 628 |
सुधीर कुमार अग्रवाल | 2700 करोड़ | 628 |
दिलीप सूर्यवंशी | 2600 करोड़ | 649 |
देवेंद्र जैन | 1500 करोड़ | 1011 |
नितिन अग्रवाल | 1100 करोड़ | 1201 |
विमल तोड़ी | 1000 करोड़ | 1253 |
मनीष डबकरा | 1000 करोड़ | 1253 |
ये हैं देश के शीर्ष धनी
- मुकेश अंबानी
- गौतम अडानी
- सायरस एस. पूनावाला
- शिव नडार
- गोपीचंद हिंदूजा
- दिलीप संघवी
- लक्ष्मीनिवास मित्तल
- राधाकिशन दमानी
- कुमार मंगलम बिरला
- नीरज बजाज
हम अपने बिजनेस को आगे बढ़ाने के साथ-साथ शहर और समाज को भी आगे बढ़ाने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं। शहर को आगे बढ़ाने के लिए हम बड़े विजन के साथ इंदौर में रियल एस्टेट बिजनेस को बढ़ा रहे हैं। इस सूची में पिछले साल कुल 1100 लोगों के नाम थे, जो इस साल बढ़कर 1319 हो चुके हैं। इससे हमें ये पता चलता है कि भारत का भविष्य उज्ज्वल है। भारत की अर्थव्यवस्था में विकास हो रहा है और अगले दशक के लिए दुनिया भारत की ओर देख रही है। – विनोद अग्रवाल, कोयला कारोबारी