Hindustanmailnews

चंद्रयान-3 : कामयाबी का दिन… खुशियों को लगे चार चांद

चंद्रयान तीन की सफलता का जश्न पूरे शहर में उत्साह के साथ मनाया गया। शाम को स्कूलों में बुलाई गई विशेष सभा में मौजूद बच्चों में गजब का उत्साह था। प्रमुख कार्यक्रम शिवाजी नगर स्थित सुभाष एक्सीलेंस स्कूल में आयोजित हुआ। चंद्रयान 3 का लैंडर जब चंद्रमा से 500 मीटर दूर था, तब बच्चों ने भारत माता का जयकारा लगाया। लैंडर जब चंद्रमा से 200 मीटर दूर था, तब उत्साहित बच्चों ने हम होंगे कामयाब गीत गया। फिर सॉफ्ट लैंडिंग होते ही स्कूली बच्चे और उनके टीचर्स झूम उठे। डीईओ अंजनी कुमार त्रिपाठी ने बताया कि भोपाल के सरकारी स्कूलों के 10,000 विद्यार्थियों ने एक साथ लाइव टेलीकास्ट देखा। कई स्कूलों ने रिकॉर्डिंग कर ली है जिसे गुरुवार को स्कूलों में दिखाया जाएगा।
बांटी गई मिठाइयां
भारत माता चौराहे पर भी युवाओं ने मिठाई बांटी और जश्न मनाया। मंत्रालय, विंध्याचल, सतपुड़ा भवन के कर्मचारियों ने सतपुड़ा के सामने खुशी का इजहार किया।
आतिशबाजी से बढ़ी चमक
संत हिरदाराम नगर में भी लोगों ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया। गुरुनानक मंडल व शहर की कई संस्थाओं के लोगों ने शहीद गेट पर भारत माता के जयकारे लगाते हुए जश्न मनाया। अनेक युवा सिर पर तिरंगा पगड़ी लगाए हुए थे।
ढोल-ताशे के साथ झूम उठा शहर
बुधवार शाम 6 बजकर 4 मिनट पर जैसे ही चंद्रयान-3 के लैंडर ने चांद पर कदम रखा, पूरे शहर का उल्लास आसमां पर पहुंच गया। घरों, बाजारों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर लोग खुशी से झूम उठे। ढोल-ताशे और आतिशबाजी के बीच तिरंगे लहराते हुए भारत माता की जय… हिंदुस्तान जिंदाबाद… के नारे लगाए गए। बाजारों और कॉलोनियों में मिठाइयां बांटी गई। शहर में विभिन्न स्कूलों में 10,000 विद्यार्थियों ने एक साथ लाइव टेलीकास्ट देखा।
योग साधकों ने दी बधाई
आदर्श योग आध्यात्मिक केंद्र के साधकों द्वारा चंद्रयान-3 की सफल लैडिंग पर सभी देशवासियों को बधाई दी। योगगुरु अग्रवाल ने कहा कि इस सफलता से पूरे देश में उत्साह एवं खुशी का माहौल है। नई खोज होगी एवं मनुष्य के विकास पर चन्द्रमा का प्रभाव पर और अध्ययन होगा। योग साधकों ने देश भक्ति गीत गाकर इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी एवं सभी के स्वस्थ दीर्घायु की कामना की। इस अवसर पर पूर्व भारतीय वन सेवा अधिकारी रमन श्रीवास्तव, रमेश कुमार साहू, सविता गुप्ता, विमला साहू, मनीषा श्रीवास्तव, किरण जौहरी, दीप्ती दूरवार, प्रीति सेठ, ज्योति खरे, आरती नायक उपस्थित रहे।
चंद्रयान-3 की टीम में भोपाल के नितिन भी
बुधवार को चंद्रयान-3 की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल सॉफ्ट लैंडिंग के मिशन का कनेक्शन भोपाल से भी जुड़ा है। ई 7 अरेरा कॉलोनी में पले-बढ़े नितिन भारद्वाज इसरो में साइंटिस्ट इंजीनियर-एसएफ (लेवल 13) के पद पर कार्यरत हैं। इस मिशन में नितिन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights