Hindustanmailnews

कमलनाथ को शाही जवाब………..

हिन्दुस्तान मेल, भोपाल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 साल की भाजपा सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करने कल भोपाल आए थे। शाह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने दस साल की और 15 महीने की सरकारों में कई घोटाले किए, इनका जवाब मिस्टर बंटाढार और कमलनाथ दें।
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि परिवारवाद का आशय मिल्कियत से है यानी सरकार और शासन में अगर एक ही परिवार का दबदबा है तो यह परिवारवाद है। यह देश और लोकतंत्र के लिए जहर है। कहीं किसी के परिजन को योग्यता के आधार पर टिकट दिया, तो इसे परिवारवाद नहीं कह सकते हैं। शाह ने कांग्रेस नेताओं के भाषणों में जांच एजेंसियों को लेकर हायतौबा मचाने पर कहा कि यह घोटालों की जांच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि परिवारवाद के मुद्दे को कांग्रेस कमजोर कर रही है। क्या आप कह सकते हैं कि मध्यप्रदेश में भाजपा किसी परिवार की मिल्कियत है? अटलबिहारी वाजपेयी, नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह और शिवराज सिंह चौहान किसके बेटे हैं? मैं पार्टी अध्यक्ष बना, पर मेरी कोई पारिवारिक पृष्ठभूमि नहीं थी और न ही जेपी नड्डा की ही है।
कर्नाटक, हिमाचल छोड़ बहुत से राज्यों में भाजपा जीती
कर्नाटक और हिमाचल के चुनाव परिणाम पर गृहमंत्री ने कहा कि मणिपुर, असम, उत्तरप्रदेश में हम दो बार जीते। जीत का सबसे अच्छा रिकॉर्ड भाजपा का है। 20 वर्षों के बाद दो बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का सम्मान नरेंद्र मोदी को है। रेवड़ी बांटना गरीब को भी समझ में आता है। मोदी जी ने एक लाख रुपए का घर दिया और किसी ने दो सौ रुपए का बिल माफ कर दिया, इस अंतर को वे समझते हैं।
कांग्रेस और कमलनाथ के 24 भ्रष्टाचार
शाह ने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस को मौका मिला, उसने भ्रष्टाचार किया। कांग्रेस बोफोर्स, टू-जी, सत्यम, कॉमनवेल्थ, कोयला, चापर, टेट्रा ट्रक, वोट के बदले नोट, आदर्श हाउसिंग, डीएलएफ, नेशनल हेराल्ड, खाद्य सुरक्षा बिल, शेयर बाजार, आईपीएल, एलआईसी हाउसिंग, मधु कोड़ा कांड, खरीदी, सबमरीन, मंदिर कलेक्शन और वाक्स वैगन इक्विटी जैसे 24 से अधिक घोटालों में लिप्त रही है।
कमलनाथ के पुराने मामलों के भ्रष्टाचार गिनाए
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमलनाथ पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि दोनों इधर-उधर की बात न करें, यह बताएं कि काफिला क्यों लुटा। इंटरनेट मीडिया पर कमलनाथ सरकार को करप्शननाथ की सरकार कहने लगे हैं। त्यागपत्र देने के पहले मोबाइल घोटाले पर उन्होंने हस्ताक्षर किए। 350 करोड़ रुपये के मोजर वेयर, 24 करोड़ रुपये के अगस्ता वेस्ट लैंड, 600 करोड़ रुपये के इफको और 25 हजार करोड़ रुपये की कर्जमाफी में भी घपले हुए।

हिन्दुस्तान मेल के भोपाल संपादक संजय सोनी का सवाल
सवाल : आपने माना कि कांग्रेस ने कर्ज माफी की, पर मप्र सरकार, मंत्री और संगठन के नेता कहते हैं कर्ज माफी नहीं हुई?
शाह का जवाब : मैं तो यह कह रहा हूं कि कांग्रेस ने डेढ़ साल की सरकार में कर्ज माफी पर भी भ्रष्टाचार किया। हालांकि कांग्रेस ने कर्ज माफी की।
अमित शाह ने शिवराज को बताया बहुत मेहनती। उन्होंने उमा भारती और बाबूलाल गौर के नेतृत्व वाली सरकार को भी याद किया, लेकिन वीडी शर्मा और नरोत्तम मिश्रा का नाम तक नहीं लिया।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा की तैयारियों को लेकर सागर आए राष्ट्रीय सचिव शिव भाटिया ने कहा कि 22 अगस्त को बुंदेलखंड के सागर में राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा से प्रदेश में परिवर्तन की शुरुआत होने जा रही है। हम भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जनता के बीच जाएंगे। भाजपा सरकार के 126 कारनामों की लिस्ट मेरे पास है। हम नारी सम्मान योजना, सस्ता सिलेंडर और बिजली के वादे निभाएंगे। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित वरिष्ठ नेता मध्यप्रदेश में चुनावी दौरे करेंगे।
22 अगस्त को राष्ट्रीय अध्यक्ष सागर आ रहे हैं। उनकी सभा से प्रदेश में कितनी सीटों पर लाभ मिलने का अनुमान है? जवाब- निश्चित तौर पर बुंदेलखंड समेत पूरे मध्यप्रदेश में सीटें बढ़ेंगी। हमारे नेता राहुल गांधी ने 150 सीटें आने का अनुमान लगाया है। वहीं प्रदेश के नेताओं ने तय किया है कि हम इससे ज्यादा सीटें लाकर देंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा के साथ सागर से प्रदेश में परिवर्तन की शुरुआत होने जा रही है। मध्यप्रदेश में पार्टी ने किसे सीएम प्रोजेक्ट किया है? उन्होेंने कहा पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा और वे ही मुख्यमंत्री बनेंगे।
कांग्रेस वर्किंग कमेटी का ऐलान
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 39 सदस्यों वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी का ऐलान किया है। इसमें सोनिया, राहुल, प्रियंका शामिल हैं। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (90) को भी कमेटी में बरकरार रखा गया है। मध्यप्रदेश से दिग्विजय सिंह और कमलेश्वर पटेल, छत्तीसगढ़ से ताम्रध्वज साहू और राजस्थान से सचिन पायलट को जगह मिली है। खरगे ने अपने खिलाफ चुनाव लड़ने वाले शशि थरूर को भी वर्किंग कमेटी में शामिल किया है।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights